Blogग्रेटर नोएडाजेवरदिल्ली एनसीआरनोएडा

नोएडा ‘युवा पर्यटन क्लब’ के सदस्यों ने किया ओखला पक्षी विहार का शैक्षणिक भ्रमण

ओखला बर्ड फेस्टिवल में सेक्टर 24 स्थित केंद्रीय विद्यालय एवं राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

जिला वन अधिकारी पीके श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर क्लब के सदस्य को पक्षी विहार के भ्रमण के लिए किया रवाना
इस अवसर पर विभिन्न गतिविधियां एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी कराई गई आयोजित

गौतमबुद्धनगर। मंगलवार को उत्त्तर प्रदेश पर्यटन विभाग एवं ईको टूरिज्म विकास बोर्ड की पहल से सेक्टर-24 स्थित केन्द्रीय विद्यालय एवं सेक्टर-12 राजकीय इंटर कॉलेज, नोएडा ‘युवा पर्यटन क्लब’ के 40 सदस्यों को ओखला पक्षी विहार का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। प्रभागीय वन अधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर क्लब के सदस्यों को विहार के लिए रवाना करते हुए ईको पर्यटन के महत्व पर संक्षिप्त संबोधन दिया। राज्य में 15 पक्षी अभ्यारण्यों में से एक ‘ओखला पक्षी विहार’ यमुना नदी पर ओखला बैराज क्षेत्र में स्थित एक पक्षी अभयारण्य है। दिल्ली-उत्तर प्रदेश राज्य की सीमा पर स्थित पक्षी विहार को वर्ष 1990 में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अभयारण्य के रूप में नामित किया गया। नोएडा के प्रवेश द्वार पर स्थित ओखला पक्षी विहार लगभग 4 वर्ग किलोमीटर आकार का है, जहां 300 से अधिक प्रजाति के पक्षी पाए जाते हैं, जो खासकर जल पक्षियों के लिए यह स्थान अनुकूल है। अभयारण्य में सर्दियों के मौसम के दौरान करीब एक लाख प्रवासी पक्षी भी पाए जाते हैं।
गौरतलब हो कि ‘युवा टूरिज्म क्लब’ पर्यटन मंत्रालय की तरफ से शुरू की गयी एक अनूठी पहल है, उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों में स्थापित शासकीय एवं गैर शासकीय शैक्षणिक संस्थानों में ‘युवा पर्यटन क्लब’ का गठन कराया जा रहा है, अब तक प्रदेश में कुल 1,506 क्लब का गठन किया गया है, जिसमें कुल 32,308 पर्यटन मित्र नामित किए गए हैं। प्रत्येक क्लब में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों को भी शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड इस दिशा में कटिबद्ध है कि प्रदेश के नागरिकों, विशेषकर छात्र-छात्राओं में प्रकृति एवं जीव-जंतुओं तथा पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता और ज्ञान को और अधिक विकसित किया जाए। प्रदेश में प्रचुर संख्या में नेशनल पार्क एवं बर्ड सेंचुरी मौजूद हैं और यह आवश्यकता महसूस की गयी कि शिक्षण एवं पर्यटन की दृष्टि से भ्रमण कार्यक्रम (टूर आईटेनरी) विकसित की जाए। ईको टूरिज्म विकास बोर्ड ने सभी पंजीकृत टूर ऑपरेटरों से यह अपेक्षा की है कि वे इसी तरह भ्रमण कार्यक्रम (टूर आईटेनरी) बनाएं, जिससे कि नवयुवकों में प्रकृति के प्रति जानकारी बढ़ाई जाये तथा स्थानीय एवं विदेशी पर्यटकों को भी एक सुविचारित एवं परिष्कृत आईटेनरी उपलब्ध हो सके। इस दिशा में प्रथम शैक्षिक भ्रमण ओखला बर्ड सेंचुरी में किया गया। जिसके लिए आईटेनरी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम में पंजीकृत जस्ट रेवल द्वारा तैयार किया गया है। इस टूर के सफल संचालन के उपरांत बोर्ड ने यह निर्णय लिया है कि प्रदेश के अन्य वन्य जीव अभयारण्य एवं प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण स्थल यथा उन्नाव स्थित शहीद चन्द्रशेखर आज़ाद पक्षी विहार, आगरा स्थित सूर सरोवर पक्षी विहार, सोनभद्र स्थित सलखान फॉसिल पार्क, चंदौली स्थित राजदारी और देवदारी जल-प्रपात, सोनभद्र स्थित धंधरौल बांध आदि की भी टूर आईटेनरी छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक भ्रमण हेतु तैयार की जाएगी। ओखला बर्ड फेस्टिवल में आये पर्यटन मित्रों ने बताया कि विहार का सौंदर्य और हरा-भरा वातावरण अत्यंत मनमोहक है, यहां आकर हमें पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों के बारे में दूरबीन से देखने और जानने का मौका मिला। कांफ्रेंस हॉल में बच्चों को वीडियो दिखाकर अभयारण्य एवं पक्षियों के बारे में जानकारी दी गयी। इस दौरान विभिन्न गतिविधियां एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी कराई गयी। अंजलि झा, यश शानी, श्रद्धा शर्मा, अनिका श्रीवास्तव, प्रिया चौधरी, आयुषी पाण्डेय एवं प्राची थपलियाल ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अव्वल स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्तिपत्र के साथ ओखला पक्षी विहार का ब्रोशर दिया गया। फारेस्ट रेंज ऑफिसर अमित गुप्ता एवं बर्डरर रोहित शर्मा ने भ्रमण पर आये युवा क्लब के सदस्यों को ओखला पक्षी विहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उप निदेशक पर्यटन विभाग मेरठ प्रीति श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं, उन्होंने पर्यटन मित्रों का उत्साह वर्धन किया। कार्यक्रम में जस्ट रेवल से शुभांगी पाण्डेय, रोहन वर्मा, विभु भारद्वाज, पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत, अभयारण्य कर्मचारी एवं अन्य लोग भी मौजूद रहे।
अविस्मरणीय अनुभव के लिए आप भी आ सकते हैं ओखला पक्षी विहार –
पर्यटन विभाग के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा ओखला पक्षी विहार के लिए विशेष तैयारी एवं योजना बनाई गयी है, जहां विद्यालय के छात्रों को प्रातः 7रू30 बजे से शाम 5 बजे तक शैक्षणिक भ्रमण कराया जा सकता है। पक्षियों के लिए स्वर्ग कहे जाने ओखला विहार में छात्रों को कई दुर्लभ प्रजाति के पक्षी भी देखने को मिलेंगे, यहां करीब 188 तरह के पेड़-पौधे हैं। विहार का सौंदर्य और हरा-भरा वातावरण अत्यंत मनमोहक है, इससे छात्रों को पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों के बारे में जानने का मौका तो मिलेगा ही साथ ही वे प्रकृति के साथ जुड़ाव भी महसूस कर सकेंगे। ओखला पक्षी विहार भ्रमण एवं अधिक जानकारी के लिए जस्ट रेवल- 9205725727 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button